प्रदेश में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन को पूरी तरह रोका जाए
वैध रेत ठेकेदारों को सरकार पूरा संरक्षण देगी मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रेत ठेकेदारों एवं खनिज अधिकारियों से वी.सी. द्वारा चर्चा की भोपाल-मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को पूरी तरह से रोका जायेगा। वैध उत्खनन और परिवहन करने वाले ठेकेदारों को राज्य शासन संरक्षण देगा। उन्हें पूरी मदद दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से रेत ठेकेदारों और जिला खनिज अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर रहे थे। बैठक में खनिज साधन मंत्री श्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी और खनिज विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खनिज, पुलिस, राजस्व विभागों और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि रेत का वैध उत्खनन और परिवहन करने वाले ठेकेदारों को कोई परेशानी नहीं हो। उन्हें अवैध रेत खनन और परिवहन करने वाले और वैध रेत उत्खनन में बाधा डालने वाले व्यक्तियों से संरक्षण प्रदान किया जाए।...